रामपुर। मिशन शक्ति फेस-5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद रामपुर के थाना स्वार क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
मिशन शक्ति केन्द्र की टीम और महिला सुरक्षा दल थाना स्वार द्वारा क्षेत्र में बालिकाओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, नारी सम्मान से संबंधित प्रावधानों और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
अभियान के दौरान 1090 (महिला शक्ति हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के बारे में जागरूक किया गया। इसके अलावा घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी घटनाओं की पहचान और इनके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने और आत्मरक्षा के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
