महिला अधिवक्ता संगठन की कवायद शुरू

ऐलनाबाद ,सिरसा (एम पी भार्गव ) लोकसभा में महिला सशक्तिकरण अधिनियम पर महिलाओं की वकालत करने वाली भाजपा की राष्ट्रीय नेत्री व पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल से प्रभावित होकर लोकसभा क्षेत्र सिरसा की महिला अधिवक्ताओं ने संगठन बनाने की कवायद शुरू कर दी है, जिसमें शुरुआत में महिला अधिवक्ताओं को शामिल किया जाएगा और फिर बढ़ते समर्थन को देखकर महिला जनप्रतिनिधियों को भी संगठन के साथ जोड़ा जा सकता है। क्षेत्र के गलियारों में चल रही चर्चा के मुताबिक यह संगठन पूर्णतया महिला वर्ग को समर्पित रहेगा और इसके द्वारा किये जाने वाले सभी कार्यक्रमों में महिलाओं को ही आमंत्रित किया जाएगा। एक महिला एडवोकेट ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुछ महिला अधिवक्ताओं की सहमति भी प्राप्त हो चुकी है, मगर अदालत के गर्मियों के अवकाश के दौरान लोकसभा क्षेत्र की महिला अधिवक्ताओं से संपर्क स्थापित किया जाएगा। महिला अधिवक्ता संगठन का मुख्य ध्येय महिलाओं से संबंधित मामलों की पैरवी करना, उन्हें उनके अधिकारों से जागरूक करवाना तथा समय समय पर शिविरों का आयोजन कर उन्हें केंद्रीय तथा प्रांतीय सरकार द्वारा महिला हितार्थ बनाई गई योजनाओं से अवगत करवाना रहेगा। महिला वर्ग को सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के उपाय भी बताए जायेंगे, ताकि समाज में फैली कुरीतियों से छुटकारा मिल सके। हरियाणा सरकार ने स्थानीय निकाय चुनाव में 50%‌महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य कर महिला सशक्तिकरण अधिनियम की तरफ कदम बढ़ाये है और वर्तमान में महिलाओं में जागरूकता लाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सक्रियता बनाए हुए हैं, जिन्हें त्योहारों के अवसर पर महिलाओं की भीड़ के साथ देखा जा रहा है। महिला वर्ग के उत्थान के लिए महिला अधिवक्ताओं का मानना है कि ऐसे संगठन की जरूरत है, जिसपर अमलीजामा पहनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए और इस संदर्भ में प्रयासरत महिला अधिवक्ता बधाई की पात्र कहीं जा सकती है। महिला अधिवक्ताओं के इस प्रयास को कितनी सफलता मिलेगी,यह तो आने वाला समय ही बताएगा मगर प्रयास को काबिले तारीफ माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.