जब भजन लाल ने रोहतक के वकीलों से कहा— अगर आपकी भैंस दूध देने से मना कर दे, तो भी इसके लिए मुझे जिम्मेदार ठहराते हुए हड़ताल कर दोगे
गुस्ताखी माफ हरियाणा – पवन कुमार बंसल
सूर्यकांत, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस, रोहतक बार में – जब तत्कालीन सीएम भजन लाल ने रोहतक के वकीलों को आईना दिखाया।
रोहतक बार के सदस्य अक्सर हड़ताल कर देते, चाहे वह मामला उनसे जुड़ा भी न हो। हरियाणा सरकार ने मेडिकल कॉलेज रोहतक के निदेशक डॉ. जे. पी. सिंह को पद से हटाया था, जिसके विरोध में रोहतक के वकीलों ने हड़ताल कर दी। अब यह मामला वकीलों से तो जुड़ा नहीं था।
कुछ दिनों बाद रोहतक बार ने सीएम भजन लाल को बार में बुलाया। मौके का फायदा उठाते हुए भजन लाल ने वकीलों को उलाहना देते हुए कहा कि अगर आपकी भैंस दूध देने से मना कर दे, तो भी इसके लिए मुझे जिम्मेदार ठहराते हुए हड़ताल कर दोगे।
अब वहाँ मौजूद वकीलों का चेहरा नई नवेली दुल्हन की तरह शर्म से लाल हो गया, लेकिन मजबूरी थी क्योंकि भजन लाल चीफ गेस्ट के अलावा सीएम भी थे। वैसे वकीलों और भजन लाल का खट्टा-मीठा रिश्ता रहा है। जींद के वकीलों से भी उनका पेच लग गया था।
दुमछल्ला – एक बार वकीलों ने भजन लाल को एक ज्ञापन दिया। फिर शरारत करते हुए ज्ञापन वापस माँगा, यह कहकर कि कुछ गलती हो गई। फिर बोले, यह अंग्रेजी में लिखा है, आपको पढ़ने में परेशानी होगी।
भजन लाल भी गजब के हाजिरजवाब थे। नहले पर दहला मारते हुए बोले, कोई बात नहीं, मेरे पास बहुत से अंग्रेजी जानने वाले अफसर हैं, मैं उनसे पढ़वा लूँगा।
khabre junction
