WAVES 2025: वैश्विक मंच पर भारत की आवाज फिर बुलंद: नीता अंबानी
सितंबर में न्यूयॉर्क के लिंकन सेंटर में होगा ‘ग्रैंड इंडियन वीकेंड’
मुंबई : नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) सितंबर 2025 में न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित लिंकन सेंटर में ‘ग्रैंड इंडियन वीकेंड’ का आयोजन करेगा। WAVES 2025 (वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट) में यह घोषणा करते हुए नीता अंबानी ने कहा, “इस सितंबर हम बड़े गर्व और खुशी के साथ भारतीय संस्कृति को दुनिया के सामने पेश करेंगे।”
भारत फिर बना सांस्कृतिक शक्ति, समय आ गया है: नीता अंबानी
नीता अंबानी ने अपने संबोधन में कहा, “भारत एक बार फिर सांस्कृतिक शक्ति बनकर उभर रहा है। सदियों से भारत ने दुनिया को अपनी आत्मा, सुंदरता और ज्ञान दिया है। एक समय पर हमारी आवाज़ धीमी हो गई थी, लेकिन अब वह फिर से गूंज रही है।”
वैश्विक मंच पर भारत की आवाज़ को फिर बुलंद करने के लिए पीएम मोदी को श्रेय
उन्होंने भारत की वैश्विक पहचान को फिर से मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और नेतृत्व के कारण भारत की आवाज़ आज विश्व मंच पर गर्व और उद्देश्य के साथ गूंज रही है।”
भारतीय कला, संस्कृति और कारीगरी को मिलेगा वैश्विक मंच
नीता अंबानी ने कहा कि भारत की कला, हस्तशिल्प, संगीत, नृत्य, फैशन और भोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश किया जाएगा। “भारत वह भूमि है जहां से सब शुरू हुआ – ‘ॐ’ की ध्वनि, शून्य की खोज और संस्कृत की उत्पत्ति – जो आज भी पूरी दुनिया को भाषा देती है।”
डिजिटल ताकत और वैश्विक सहयोग से भारत की संस्कृति को मिलेगा नया आयाम
उन्होंने कहा, “आज डिजिटल तकनीक और वैश्विक भागीदारी के साथ भारत की संस्कृति को विश्व मंच पर प्रस्तुत करने का यह अनूठा अवसर है।”
भारत की आत्मा और संस्कृति आज दुनिया की जरूरत
नीता अंबानी ने अपने भाषण के अंत में सभी से भारत के उज्ज्वल भविष्य को साकार करने का आह्वान किया। “आइए हम अपनी शाश्वत सभ्यता के torch bearer बनें और अपनी संस्कृति व मूल्यों के बल पर विश्व में आशा, एकता और प्रकाश फैलाएं।”
