गाजियाबाद के थाना वेव सिटी क्षेत्र में 4 मार्च 2026 को हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में बदमाशों ने एक नेक्सोन कार और एक मोबाइल फोन लूट लिया था। मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना वेव सिटी में मुकदमा संख्या 62/26 दर्ज किया गया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस ने 7 मार्च 2026 को इस मामले में दो अभियुक्तों—राज और दर्शन—को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य वांछित आरोपी लव और योगेंद्र की तलाश जारी थी। ‘यक्ष’ एप के माध्यम से आरोपी लव की जानकारी और फोटो प्राप्त होने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी।
18 मार्च 2026 को एक मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लव गिरधरपुर की ओर से अपने घर जाने वाला है। इस सूचना पर वेव सिटी पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया और नायफल से डासना मार्ग पर चेकपोस्ट लगाया।
इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। बारिश के कारण फिसलन होने से उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने लूट की इस घटना के अलावा डासना क्षेत्र में चोरी सहित अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से हापुड़ से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी, श्रीमती प्रियाश्री पाल ने जानकारी दी।
