कचरा प्रबंधन नागरिकों व नगरपालिका की साझा जिम्मेदारी, वार्ड वासी सार्वजनिक गली में कूड़ा करकट ना फेंके- सुभाष प्रेमी ,

ऐलनाबाद 9 जुलाई ( एम पी भार्गव) शहर को साफ सुथरा व स्वच्छत रखना नगरपालिका और शहरवासियों की एक साझी जिम्मेदारी है। जहां स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगरपालिका नियमित साफ सफाई और कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करती है तो वही शहरवासियों को चाहिए कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। जब दोनों ही अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे,तभी स्वच्छता अभियान पूरी तरह सफल होगा। यह शब्द समाजसेवी व नगरपार्षद वार्ड नंबर 3 सुभाष चन्द्र ने उन लोगों के लिए जारी किए जो रात के अंधेरे या सुबह सवेरे सार्वजनिक स्थानों व गलियों में कचरा बिखेर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की सरकारों द्वारा बार-बार स्वास्थ्य-स्वच्छता का प्रचार प्रसार उच्च स्तर पर किया जा रहा है लेकिन इसके बावजूद भी कुछ लोग अपने कर्तव्य व दायित्वों का निर्वाह ना करते हुए सुबह सवेरे या देर रात को अपने घर का कूड़ा करकट पॉलिथीन के लिफाफे में भरकर सरेआम गली में सार्वजनिक जगह पर फेंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क व खुले में कचरा फेंकना कानूनी अपराध होने के बावजूद भी लोग पालिका की कूड़ा गाड़ी या अन्य निर्धारित स्थल पर कूड़ा नहीं डालते हैं। उन्होंने कहा कि हमें घरेलू सूखे व गीले कचरे को अलग अलग एकत्र कर पालिका के कूड़ा वाहन में डालना चाहिए। जैसे कि एक तरफ तो रसोई संबंधी गीले कचरे सब्जी फलों के छिलके आदि, दूसरा सूखा कूड़ा जिसमें कागज, गत्ता, धातु, प्लास्टिक कांच आदि हो। इसके अतिरिक्त अगर डायपर,सेनेट्री नेपकिन व बची हुई दवाइयां व अन्य घरेलू प्रयोग वाले रसायन खतरनाक पदार्थ हो तो उनको इन दोनों के बीच शामिल ना करें। उन्होंने कहा कि गीले कूड़े को घरों में ही साधारण प्रक्रिया से गमलों के लिए खाद के रूप में हम प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने वार्ड वासियों से निवेदन करते हुए कहा कि स्वच्छता हम सब की एक सामूहिक जिम्मेदारी है। नगरपालिका और शहरवासियों को मिलकर काम करना होगा ताकि ऐलनाबाद एक स्वच्छ और स्वस्थ शहर बन सके। देखने को मिल रहा है कि कुछ दिनों से वार्ड के लोग एक गली के किनारे कूड़ा डाल रहे हैं वह संचेत हो जाए क्योंकि इस प्रकार कुड़ा कर्कट डालने वालों की निगरानी के लिए आगामी दो-तीन दिनों में रात्रि पहरा भी लगाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.