इंदिराकुंज योजना के आवंटियों को चेतावनी: स्वयं कराएं भवनों की मरम्मत, अवैध निर्माण हटाने के दिए निर्देश

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा विकसित इंदिराकुंज योजना में एक भवन की छत का हिस्सा गिरने से पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे प्राधिकरण अधिकारियों ने भवन का निरीक्षण किया और आवंटियों को कड़ी चेतावनी दी।

अधिकारियों ने कहा कि आवंटी स्वयं जीर्ण-शीर्ण भवनों की मरम्मत कराएं और जिन लोगों ने भवनों में अवैध रूप से अतिरिक्त निर्माण कर लिया है, वे उसे खुद ही हटा लें।

प्राधिकरण के रिकॉर्ड के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत साल 1989-90 में 420 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण कराया गया था। लेकिन आवंटियों द्वारा नियमित रखरखाव न कराने के कारण अधिकांश भवन जर्जर हो चुके हैं। जीडीए द्वारा वर्ष 2009 में करीब 50 लाख रुपये की लागत से मरम्मत कराई गई थी, लेकिन इसके बाद आवंटियों ने मरम्मत की अनदेखी की।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि भवन संख्या ए-326 (प्रथम तल) की ओपन टैरेस पर आवंटियों ने अवैध दीवार बनाकर अतिरिक्त कक्ष तैयार किया था। चूंकि उसके नीचे कोई सपोर्टिंग दीवार नहीं थी और लगातार बारिश से भवन कमजोर हो गया था, इसलिए स्लैब का हिस्सा धराशायी हो गया।

इसके अलावा पाया गया कि लगभग दस वर्ष पूर्व भूतल की खुली छत पर भी अवैध निर्माण किया गया था। अत्यधिक भार और बारिश की वजह से यह हादसा हुआ।

जीडीए अधिकारियों ने बताया कि इंदिराकुंज योजना के भवन जीर्ण-शीर्ण भवनों की सूची में शामिल हैं और इसकी जानकारी पहले ही जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, गाजियाबाद को भेजी जा चुकी है। अधिकांश भवनों में आवंटियों ने स्ट्रक्चरल परिवर्तन कर अतिरिक्त निर्माण भी किया है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

अधिकारियों ने साफ किया कि यदि आवंटियों ने समय रहते मरम्मत व अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई स्वयं नहीं की, तो प्राधिकरण सख्त कदम उठाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.