घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और ओवरचार्जिंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, पांच टीमें निगरानी में जुटीं
ऐलनाबाद/सिरसा, मार्च (एम.पी. भार्गव)। जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की किसी प्रकार की कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन को किसी भी तरह की घबराहट या पैनिक की स्थिति में आने की आवश्यकता नहीं है और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने बताया कि आम लोगों को घरेलू गैस प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो और गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीमें लगातार फील्ड में उतरकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जिले में स्थिति सामान्य है और गत दिवस के आंकड़ों के अनुसार लगभग 7400 सिलेंडरों का वितरण किया गया।
प्रशासन की ओर से सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक या अन्य उद्देश्यों के लिए नहीं किया जाए। इसके अलावा सिलेंडरों की ओवरचार्जिंग और डबल स्टॉकिंग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के लिए विभागीय टीमें निगरानी कर रही हैं।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी डीलरों को एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विपणन कंपनियों को प्रतिदिन जिला प्रशासन को स्टॉक और आपूर्ति से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध करवाने को कहा गया है। विभाग के एएफएसओ के नेतृत्व में पांच टीमें लगातार निरीक्षण और निगरानी कर रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई असामाजिक तत्व बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे एलपीजी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और किसी भी शिकायत या समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता निदेशालय के टोल-फ्री नंबर 18001802087 या 18001802405 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले के नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
