लखीसराय जिले के दो विधानसभा क्षेत्रो सूर्यगढ़ा और लखीसराय में 6 नवंबर को होगा मतदान

आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरांत डीएम मिथिलेश मिश्र व एसपी अजय कुमार ने संयुक्त रूप से की प्रेस वार्ताकहा,निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार

  • रिपोर्ट: सरफराज आलम

लखीसराय। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी,लखीसराय, मिथिलेश मिश्र द्वारा समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

इस प्रेस वार्ता में आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के संबंध आदर्श आचार संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण में कुल 121 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर चुनाव संपन्न होंगे।
पहले चरण का मतदान 6 नवंबर 2025 को निर्धारित किया गया है, और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर 2025 को होगा। इसके अतिरिक्त, मतगणना की तिथि 14 नवंबर 2025 निर्धारित की गई है।लखीसराय जिले के दो विधानसभा क्षेत्रो सूर्यगढ़ा और लखीसराय में पहले चरण यानी 6 नवंबर को मतदान होगा। लखीसराय की दो विधानसभा सीटों लखीसराय और सूर्यगढ़ा में कुल 733600 मतदाताहैं इनमें 3लाख 91620 पुरुष और 3लाख 41969 महिला मतदाता शामिल है।सबसे अधिक मतदाता लखीसराय विधानसभा में है। जबकि सबसे कम सूर्यगढ़ा विधानसभा में है।

उन्होंने ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

वहीं एसपी अजय कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही, उन्होंने सभी राजनैतिक दलों और उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे आदर्श आचार संहिता का पालन करें और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि से बचें। जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान में भाग लें।

प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने भी भाग लिया और मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के उपयोग के बारे में जानकारी दी। जिला पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के निवारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार,भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक साइबर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.