मोदीनगर तहसील दिवस पर विश्व सनातन हिंदू वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन, नवरात्रि पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग
मोदीनगर, 20 सितंबर 2025। आज तहसील दिवस के अवसर पर विश्व सनातन हिंदू वाहिनी के पदाधिकारियों ने मोदीनगर तहसील दिवस प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में आगामी नवरात्रि पर्व पर सीकरी स्थित ऐतिहासिक महामाया मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नवरात्रि के दौरान उत्तर प्रदेश सहित देशभर से भारी संख्या में भक्त माता महामाया के दर्शन करने और प्रसाद चढ़ाने आते हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि देशभर में कई बार खाने-पीने के सामान से संबंधित आपत्तिजनक घटनाएं सामने आती रही हैं और इससे भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।
इसी को देखते हुए संगठन ने मांग की कि –
महामाया मंदिर सीकरी के आसपास हिंदू और सिख धर्म के लोगों को ही प्रसाद, फल और जूस आदि बेचने की अनुमति दी जाए।
हिंदू दुकानदारों को आवंटित दुकानों पर उनके नाम और मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में अंकित किए जाएं।
नवरात्रों के दौरान मोदीनगर क्षेत्र की सभी मीट और मांस की दुकानों व होटलों को बंद रखा जाए।
मेले की समूची व्यवस्था को सख्ती से नियंत्रित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राज वर्मा, जिला अध्यक्ष गाजियाबाद सागर, जिला उपाध्यक्ष नरेश, कपिल चौधरी, प्रतीक त्यागी, रितिक, अरुण कुमार, रविकांत गोयल, प्रदीप भारद्वाज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम मोदीनगर और स्थानीय विधायक श्रीमती मंजू शिवाच ने आश्वासन दिया कि नवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की भावनाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
