शामली के सरकारी अस्पताल में ड्यूटी रूम में डॉक्टर का डांस वीडियो वायरल, CMO ने जारी किया नोटिस

यूपी –शामली जिले के एक सरकारी अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ड्यूटी रूम के अंदर एक डॉक्टर डांस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि डॉक्टर अपनी सगाई की खुशी में जश्न मना रहे थे और उनके साथ डांस करती दिखाई दे रही युवती उनकी मंगेतर है।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे अस्पताल की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शामली CMO ने डॉक्टर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

CMO का कहना है कि ड्यूटी रूम अस्पताल की कार्यस्थली है और वहां इस तरह की गतिविधि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है। डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि ड्यूटी समय में डांस क्यों किया गया और ड्यूटी रूम का इस्तेमाल निजी कार्यक्रम के लिए कैसे हुआ।

वीडियो के कारण अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली एक बार फिर विवादों में आ गई है। वहीं, डॉक्टर पक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि यह सगाई की खुशी में किया गया छोटा सा जश्न था। अब सबकी नजर डॉक्टर के जवाब और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.