वाराणसी : झाड़ियों में मिला 10 वर्षीय मासूम का शव, मां ने प्रेमी संग मिलकर बेटे को उतारा मौत के घाट…
- रिपोर्ट: सुकेश पांडेय
रामनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 10 साल के मासूम बेटे की हत्या कर दी। वजह थी कि बेटे ने मां को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और यह बात सबको बताने की धमकी दी थी। बेइज्जती के डर से मां और प्रेमी ने बच्चे को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
मच्छरहट्टा निवासी सोना शर्मा के पति की मौत दो साल पहले एक हादसे में हो गई थी। घर में वह अपने 10 वर्षीय बेटे सूरज और 5 साल की बेटी के साथ रहती थी। इस दौरान उसका गोलाघाट निवासी फैजान से प्रेम संबंध हो गया, जो अक्सर उसके घर आता-जाता था। तीन दिन पहले सूरज ने अपनी मां को फैजान के साथ बेडरूम में आपत्तिजनक हालात में देख लिया। मासूम ने यह बात दूसरों को बताने की बात कही, जिसे सुनकर मां और प्रेमी घबरा गए। इसके बाद फैजान ने सूरज को रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया। सोमवार शाम फैजान बहला-फुसलाकर सूरज को बावन बीघा मैदान की झाड़ियों में ले गया। वहां अपने दोस्त राशिद के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव छिपा दिया। रात करीब डेढ़ बजे सोना शर्मा ने रामनगर थाने में बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मंगलवार देर रात पुलिस ने बावन बीघा की झाड़ियों से सूरज का शव बरामद किया। शव देखते ही मां बेसुध होकर रोने लगी और बार-बार फैजान का नाम लेने लगी। पुलिस ने तत्काल फैजान और उसके साथी राशिद को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस आरोपी फैजान को घटनास्थल पर ले गई। इसी बीच उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर में लगी।
ए०डी०सी०पी० सर्वणन टी० ने बताया कि फैजान ने राज खुलने के डर से सूरज की हत्या की। हत्या के बाद मां और प्रेमी ने इसे अपहरण का रूप देने की योजना बनाई थी। दोनों आरोपियों के साथ मां को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डी०सी०पी० काशी, गौरव बंशवाल ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। जांच के बाद सभी आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
