उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने तेज की 2027 की तैयारी, पंचायत चुनाव जीतना टिकट की पहली शर्त

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि विधानसभा टिकट के दावेदारों के लिए अब पंचायत चुनाव जीतना पहली अनिवार्य शर्त होगी। पार्टी का मानना है कि ज़मीनी पकड़ और संगठनात्मक क्षमता को परखने का सबसे सटीक तरीका पंचायत चुनाव हैं।

राज्य में आगामी मार्च-अप्रैल 2026 में होने वाले पंचायत चुनावों को कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव की पहली सीढ़ी के रूप में देख रही है। इस दिशा में पार्टी ने आगामी 100 दिनों के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसमें बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और संगठन को मजबूत किया जाएगा।

पार्टी ने तय किया है कि हर विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे, जो ज़िला पदाधिकारियों के माध्यम से समन्वय स्थापित करेंगे। इन्हीं विधानसभा प्रभारियों में से कांग्रेस अपने संभावित उम्मीदवार तय करेगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह कदम उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को प्रोत्साहित करने के लिए उठाया गया है जो ज़मीनी स्तर पर सक्रिय हैं और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं। इससे पार्टी को गुटबाजी पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी।

इस रणनीति के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करने, जनता से जुड़ने और 2027 के विधानसभा चुनावों में दमदार प्रदर्शन करने की तैयारी में जुट गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.