खाना खाते समय मोबाइल देखना बन सकता है सेहत के लिए खतरे की घंटी, बढ़ता है मोटापा और कई बीमारियों का जोखिम

नई दिल्ली।आज के दौर में मोबाइल फोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक लोग किसी न किसी रूप में स्क्रीन से जुड़े रहते हैं। खासकर युवाओं में खाना खाते समय मोबाइल पर रील्स देखना, यूट्यूब चलाना या सोशल मीडिया स्क्रॉल करना एक आम आदत बन गई है। यह आदत भले ही सामान्य लगे, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह सेहत के लिए गंभीर खतरे की घंटी साबित हो सकती है।

हेल्थ से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग यूनिवर्सिटी में किए गए एक नए शोध में सामने आया है कि खाना खाते समय मोबाइल या टीवी देखने से पेट की चर्बी तेजी से बढ़ सकती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि जब व्यक्ति खाने के दौरान स्क्रीन पर ध्यान लगाता है, तो उसका फोकस भोजन से हट जाता है। दिमाग यह समझ ही नहीं पाता कि पेट भर चुका है या नहीं, जिसके चलते व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खाना खा लेता है और मोटापे का खतरा बढ़ जाता है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ध्यान भटकने से पेट भरने का संकेत देने वाले हार्मोन समय पर सक्रिय नहीं हो पाते। इसका परिणाम यह होता है कि इंसान को बार-बार भूख लगती रहती है। साथ ही खाने के स्वाद और खुशबू का सही अनुभव नहीं हो पाता, जिससे धीरे-धीरे साधारण और पौष्टिक भोजन उबाऊ लगने लगता है। इस स्थिति में लोग प्रोसेस्ड और जंक फूड की ओर अधिक आकर्षित होने लगते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय तक खाने के दौरान मोबाइल देखने की आदत मेटाबॉलिज्म पर भी नकारात्मक असर डालती है। इससे शरीर की ऊर्जा संतुलन प्रणाली कमजोर हो जाती है और वजन बढ़ना लगभग तय हो जाता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह आदत केवल मोटापे तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इससे टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, मेटाबॉलिक सिंड्रोम और किडनी से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। खाते समय मोबाइल देखने से लोग या तो बहुत तेजी से खाना खाते हैं या जरूरत से ज्यादा देर तक खाते रहते हैं, जो जीवनशैली को धीरे-धीरे बिगाड़ देता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि खाना खाते समय मोबाइल फोन से दूरी बनानी चाहिए और पूरे ध्यान के साथ भोजन करना चाहिए। इससे न सिर्फ पाचन बेहतर होता है, बल्कि शरीर और दिमाग दोनों स्वस्थ रहते हैं।

 

khabre junction

Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें

Leave A Reply

Your email address will not be published.