लखीसराय नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार साहनी के नेतुत्व में बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
किराना दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध शराब का खेल, 120 लीटर से अधिक शराब जब्त
लखीसराय(सरफराज आलम)शराबबंदी वाले राज्य बिहार में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। लखीसराय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया व्यक्ति रेहुआ रोड, विद्यापीठ चौक के पास शराब की डिलीवरी करने जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
विद्यापीठ चौक के पास घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 18 दिसंबर की शाम पु०अ०नि० मुन्ना कुमार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी कर रहा है। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने विद्यापीठ चौक के पास घेराबंदी की। शाम करीब 6:10 बजे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस की गाड़ी देख भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सर्वेश कुमार (30 वर्ष), पिता- भूषण सिंह, निवासी सलोनाचक (थाना व जिला लखीसराय) के रूप में हुई है। शुरुआती तलाशी में उसके पास से पश्चिम बंगाल निर्मित ओल्ड मोंक रम की दो बोतलें बरामद हुईं।
किराना दुकान से निकला शराब का जखीरा
धंधेबाज की निशानदेही पर जब पुलिस ने सलोनाचक स्थित उसकी किराना दुकान में छापेमारी की, तो अधिकारी भी दंग रह गए। दुकान के भीतर सफेद रंग के छह बड़े थैलों में झारखंड निर्मित रॉयल स्टैग व्हिस्की का विशाल स्टॉक छुपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से कुल 159 बोतल व्हिस्की बरामद की।
कुल बरामदगी पर एक नज़र:
* शराब: 161 बोतल (कुल 120.75 लीटर विदेशी शराब)।
* वाहन: एक होंडा मोटरसाइकिल (BR09AG6823)।
* अन्य: एक सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल फोन।
छापेमारी टीम में ये थे शामिल
लखीसराय थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहनी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में पु०अ०नि० मुन्ना कुमार, रवि कुमार, सौरभ कुमार के साथ सशस्त्र बल के रंजीत कुमार और उमाशंकर सिंह शामिल थे। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य नामों का खुलासा किया जा सके।
