गाजियाबाद के खोड़ा में ढाबे पर हुए विवाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक ढाबे पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना अंबेडकर गेट के पास स्थित वैष्णो ढाबे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि खाना खाने के दौरान पैसे और परोसने में देरी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, ढाबे पर खाना परोसने में देरी को लेकर पहले बहस हुई। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में खोड़ा निवासी सत्यम और उसके दोस्त श्रीपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ढाबे पर मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। किसी ने डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना थाना खोड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और डीसीपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और रात तक जांच-पड़ताल में जुटी रही। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.