कासगंज में हेलीकॉप्टर से आई दो नई बहुएं, पटियाली के पास करनपुर गांव में उतरा हेलीकॉप्टर; दुल्हनों के स्वागत में उमड़ा पूरा गांव

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद्र कासगंज

कासगंज के पटियाली क्षेत्र के करनपुर गांव में बुधवार को उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब दो चचेरे भाई अपनी-अपनी दुल्हनों को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचे। दोपहर में जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के बाहर बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरा, उसे देखने के लिए हजारों लोग जुट गए। दूल्हा-दुल्हन के उतरते ही परिवार और ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। ढोल और नगाड़ों की धुन पर जश्न मनाया गया।

बुधवार दोपहर करीब 1:00 बजे करनपुर गांव के बाहर बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर ने लैंडिंग की। जैसे ही हेलीकॉप्टर जमीन पर उतरा, आसपास मौजूद लोगों में उत्सुकता और खुशी का माहौल बन गया। दूल्हा-दुल्हन के हेलीकॉप्टर से उतरते ही ग्रामीणों ने तालियां और जय-जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।

हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद परिवार की महिलाओं और ग्रामीणों ने दुल्हनों पर फूलों की वर्षा की। ढोल-नगाड़ों के साथ पूरा गांव झूम उठा। नवविवाहित जोड़ों को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ घर तक ले जाया गया, जहां आगे की रस्में संपन्न कराई गईं।

जानकारी के अनुसार करनपुर गांव के जमींदार और दिल्ली के उद्योगपति ओपी यादव चौटाला के बेटे आशुतोष यादव और उनके भाई सुधीर यादव के बेटे गौरव यादव की बारात मंगलवार को एटा जिले के अलीगंज स्थित उत्सव पैलेस गई थी। विवाह संपन्न होने के बाद बुधवार को दोनों दूल्हे अपनी-अपनी दुल्हनों को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचे।

बताया गया कि आशुतोष यादव की दुल्हन नीलम एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के नगला बल्लभ निवासी मुन्नालाल मास्टर की पुत्री हैं, जबकि गौरव यादव की दुल्हन आकांक्षा फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के नगला मुरादपाल निवासी रामकृष्ण यादव की बेटी हैं।

हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई थी। एंबुलेंस और दमकल गाड़ी भी मौके पर मौजूद रही।

गांव में पहली बार हेलीकॉप्टर से दुल्हनों के आने का दृश्य देखने को मिला। विदाई को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पल गांव के इतिहास में यादगार बन गया है और इन दोनों की शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.