अपना दल (एस) का दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम संपन्न

फिर गूंजा 27% आरक्षण और 13% होल्ड का मुद्दा, ग्रामीणों ने उठाई सिंचाई व पेयजल की मांग

भोपाल। अपना दल (एस) मध्य प्रदेश द्वारा 22 एवं 23 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय सदस्यता अभियान सह जिला कार्यकर्ता बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल दो दिवसीय प्रदेश दौरे पर रहे। कार्यक्रम में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

रविवार को जिला बैतूल के डाक बंगला में जिला कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक विस्तार पर जोर दिया गया। इसके बाद ग्राम परमंडल (मुलताई) में सदस्यता अभियान कार्यक्रम संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

27% ओबीसी आरक्षण और 13% होल्ड हटाने की मांग

ग्राम परमंडल में राष्ट्रीय महासचिव आर. बी. सिंह पटेल ने कहा, “मध्य प्रदेश में ओबीसी को 27% आरक्षण कोई भीख नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार है। जो 13% पर होल्ड लगाया गया है, उसे जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए। साथ ही जिस प्रकार आदिवासी अंचलों की जमीनें हथिया कर उद्योगपतियों को दी जा रही हैं, उस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।”

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सिंचाई और पीने के पानी की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर प्रदेश प्रभारी ने आश्वासन दिया कि संबंधित मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।

“यूपी में जारी है, एमपी की बारी है” का नारा

डॉ. अतुल मलिकराम ने “यूपी में जारी है, एमपी की बारी है” का नारा बुलंद करते हुए कहा कि दलित, शोषित और वंचित वर्ग के लिए यदि केंद्र स्तर पर कोई मजबूती से काम कर रहा है तो वह केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल हैं, जो सत्ता पक्ष में रहते हुए भी निडरता से समाज के मुद्दों को संसद में उठाती हैं।

कार्यक्रम संयोजक एस. आर. नागले एवं डॉ. अनूप चौरे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ सदाशिव जी, फूलचंद्र वर्मा जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

नर्मदापुरम में भी संगठन विस्तार पर जोर

23 फरवरी को जिला नर्मदापुरम के इटारसी में जिला कार्यकर्ता बैठक के साथ ग्राम सभाएं भी आयोजित की गईं। यहां भी संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने और जमीनी मुद्दों को प्राथमिकता देने पर विशेष चर्चा की गई।

दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि विचारधारा से जुड़े प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं को तैयार करने का अभियान भी है। कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाने का संकल्प दोहराया गया।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.