रामपुर में ऑन ड्यूटी नशे में धुत मिले दो सिपाही, वायरल वीडियो से खाकी की छवि पर सवाल

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर जिले में खाकी वर्दी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में यूपी पुलिस के दो सिपाही ऑन ड्यूटी शराब के नशे में धुत नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों सिपाही 112 सेवा में तैनात थे और थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के पास यह मामला सामने आया।

वायरल वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी बाइक (UP 22 AD 7459) पर सवार दिखाई दे रहे हैं। बाइक चला रहा सिपाही नशे में नजर आ रहा है, जबकि पीछे बैठा सिपाही भी झूमता हुआ दिखाई दे रहा है। एक अन्य वीडियो में दोनों सिपाही सड़क किनारे खड़े होकर शराब पीते हुए दिख रहे हैं, जहां उनके साथ दो अन्य निजी व्यक्ति भी मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सिपाही एक होटल पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया। इस दौरान एक सिपाही दूसरे को संभालता हुआ नजर आया, जबकि वह खुद भी नशे में था। मौके पर मौजूद किसी बाइक सवार ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजरें रामपुर के पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र पर टिकी हैं कि वह इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

हालांकि अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की छवि को झटका जरूर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.