स्पेस मनी लिंक के जरिए 80 हजार की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

एक आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल, दूसरे से पूछताछ जारी

  • रिपोर्ट: एम पी भार्गव

ऐलनाबाद, 20 मई: साइबर ठगी के एक मामले में हरियाणा पुलिस की साइबर थाना सिरसा की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने स्पेस मनी नामक लिंक भेजकर एक युवक से करीब 80 हजार रुपये की ठगी की थी।

फर्जी लिंक से ठगा गया पीड़ित
साइबर थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने बताया कि 26 नवंबर 2024 को खैरपुर निवासी रुपेश ने शिकायत दी थी कि उसके मोबाइल पर “स्पेस मनी” के नाम से एक लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने पर उसे कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लुभावना ऑफर मिला। ऑफर के झांसे में आकर जब पीड़ित ने लिंक पर आवश्यक जानकारी साझा की तो उसके बैंक खाते से 80 हजार रुपये कट गए।

जांच के बाद जयपुर से पकड़े गए आरोपी
शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों—सुरेश बुंकर पुत्र सुरज बुंकर और विरेंद्र सिंह पुत्र मोहबत सिंह, दोनों निवासी हरमेड़ा, जयपुर (राजस्थान)—को काबू कर लिया।

एक आरोपी जेल में, दूसरे से पूछताछ जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि सुरेश बुंकर को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी विरेंद्र सिंह को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

सख्त कार्रवाई की चेतावनी
थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और इस ठगी में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक या ऑफर पर क्लिक न करें और अपनी बैंक संबंधित जानकारी अज्ञात वेबसाइटों या व्यक्तियों से साझा न करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.