ऐलनाबाद 21 अगस्त ( एम पी भार्गव ) सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय एलेनाबाद में ज़िला प्रशासन के द्वारा जारी किए गए पत्र की अनुपालना में प्राचार्य डा.सज्जन कुमार की अध्यक्षता व कैंपस ब्यूटीफिकेशन कमेटी के संयोजन में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्राचार्य डा. सज्जन कुमार ने विद्यार्थियों को अपने संबोधन में कहा कि पेड़ पौधे हमारे प्रकृति का अनमोल तोहफा हैं। वे हमें खाद्य, ऑक्सीजन, और नये जीवन की संभावनाएं प्रदान करते हैं। पेड़ पौधों के बगीचे हमारे आस-पास खूबसूरती और हरियाली का संग्रहण करते हैं।
बढ़ती जनसंख्या और बड़ी-बड़ी इमारतों के कारण पर्यावरण की प्रकृति नष्ट हो रही है। हर जगह-जगह घने वृक्ष काट कर बड़ी बिल्डिंगों का निर्माण करना पर्यावरण और प्रकृति के साथ छेड़छाड़ हैं।इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य सतत् विकास को आगे बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में युवाओं की भूमिका को चिन्हित करना है। महाविद्यालय के जन संपर्क अधिकारी डा. जोगिन्द्र सिंह ने बताया कि प्रो. कुलजीत कौर व डा. सुगन सिंह की देख रेख में पौधारोपण का कार्य किया गया जिसमें विभिन्न प्रकार के पौधे गमलों में लगाए गए। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।इस मौके पर कालेज के सभी शैक्षणिक व ग़ैर शैक्षणिक स्टाफ सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
