लखीसराय में पोस्टल बैलेट के लिए ट्रेनिंग, 24 और 25 अक्टूबर को होगा मतदान, जिला निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की जानकारी साझा

  • रिपोर्ट: सरफराज आलम 

लखीसराय। बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के निमित्त पोस्टल बैलेट प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय लखीसराय स्थिति मंत्रणा कक्ष में बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में 167 सूर्यगढ़ा और 168 लखीसराय विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।

श्री मिश्र ने अपने संबोधन में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पोस्टल बैलेट भी मुख्य मतदान की तरह ही स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाना हमारी सामूहिक ज़िम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर नियमों और प्रक्रिया की अवहेलना नहीं होनी चाहिए।

पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया 24 और 25 अक्टूबर को संपन्न होगी। इसमें 85 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान दल उनके घर जाकर सुरक्षित ढंग से मतदान कराएगा। वहीं, चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मी एवं पदाधिकारी जिला मुख्यालय में स्थापित अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करेंगे।

इस प्रक्रिया में AVSC, AVPD एवं AVCO श्रेणी के मतदाता भाग लेंगे।

बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार सुमन सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.