मोदीनगर। भारत सरकार द्वारा व्यापारियों के हित में लिए गए एक महत्वपूर्ण फैसले के बाद व्यापारियों में खुशी की लहर देखने को मिली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद व्यापारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
मोदीनगर में व्यापार मंडल के अध्यक्ष Amit Goyal ने व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जाकर उन्हें मिठाई खिलाई और इस फैसले के लिए बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह निर्णय छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा।
दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और लाइसेंस की वैधता को आजीवन करने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद फूड बिजनेस से जुड़े कारोबारियों (एफबीओ) को अब अपने लाइसेंस को बार-बार रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बचेगा।
इसके अलावा नियामकीय बोझ को कम करने के लिए लाइसेंसिंग और रजिस्ट्रेशन की टर्नओवर सीमा में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। एफएसएसएआई के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से रजिस्ट्रेशन के लिए टर्नओवर की सीमा को 12 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दिया जाएगा।
इस फैसले की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने इसे सरकार का सराहनीय कदम बताया। व्यापारियों का कहना है कि इससे छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनके व्यापार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर निर्दोष खटाना, देवराज मित्तल, मधुसूदन शर्मा, दीपक चौधरी, हैप्पी नारंग, मनीष वशिष्ठ, हर्ष कश्यप, संजीव शर्मा, सुबोध जैन, मनीष संगी, मनोज कश्यप सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
