स्मार्ट मीटर, बिल सुधार व बिजली आपूर्ति की मांगों को लेकर व्यापारियों का प्रदर्शन, अधीक्षण अभियंता को सौंपा 19 सूत्रीय ज्ञापन
बदायूं।उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर बदायूं में व्यापारियों ने बिजली विभाग की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू एवं प्रदेश मंत्री पवन जैन के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी विद्युत विभाग कार्यालय पर जुलूस की शक्ल में पहुंचे और धरना-प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 19 सूत्रीय मांगपत्र अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग चंद्रशेखर कुमार को उनके कार्यालय पर सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर, सोलर उपभोक्ताओं को आ रही समस्याएं, बिल सुधार, सोलर प्लांट और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान व्यापारी एकता के गगनभेदी नारे लगाए गए।
प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पूर्व विभाग में जमा की गई सिक्योरिटी राशि उपभोक्ताओं को वापस की जाए। साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद फिक्स चार्ज, मिनिमम चार्ज, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी समाप्त कर केवल उपभोग की गई विद्युत यूनिट के आधार पर ही बिल की गणना की जाए। उन्होंने मांग की कि मीटर लगाने से पूर्व उसकी जांच लीगल मेट्रोलॉजी विभाग द्वारा कराई जाए तथा प्रत्येक वर्ष मीटर की जांच सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा मीटर का मैनुअल व गारंटी कार्ड उपभोक्ता को अनिवार्य रूप से दिया जाए।
प्रदेश मंत्री पवन जैन ने कहा कि बिजली कटौती के लिए रोस्टर घोषित कर उसे सार्वजनिक किया जाए और अघोषित बिजली कटौती पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अधिशासी अभियंता व उपखंड अधिकारी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देने पर रिसीविंग नहीं दी जाती, जिसे अनिवार्य किया जाना चाहिए।
जिला महामंत्री संजीव आहूजा ने मांग की कि विद्युत आपूर्ति व बिल सुधार से संबंधित शिकायत दर्ज करते समय शिकायत पर्ची बनाई जाए, जिसकी एक प्रति उपभोक्ता को भी दी जाए। मीटर लगाते या उतारते समय सीलिंग सर्टिफिकेट मौके पर ही उपलब्ध कराया जाए।
जिला महामंत्री हाजी राशिद ने कहा कि मीटर बदले जाने के बाद लैब जांच के नाम पर उपभोक्ताओं पर विद्युत चोरी जैसे गंभीर आरोप लगाए जाते हैं। सीलिंग सर्टिफिकेट न मिलने से उपभोक्ताओं को जांच की जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे भ्रष्टाचार और उत्पीड़न की स्थिति बनती है। इस पर सख्त नियंत्रण जरूरी है।
नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने औद्योगिक उपभोक्ताओं के बिलों में पोर्टल पर दर्शाई गई राशि और वास्तविक बिल में अंतर का मुद्दा उठाया और इसे तुरंत ठीक करने की मांग की। नगर महामंत्री संजय रस्तोगी ने कहा कि सोलर प्लांट लगाने वाले नेट मीटरिंग उपभोक्ताओं को रीडिंग घटवाने के लिए परेशान होना पड़ता है। सॉफ्टवेयर सुधार कर सही बिल बनाए जाएं और अतिरिक्त उत्पन्न ऊर्जा का भुगतान उपभोक्ताओं को किया जाए।
जिला उपाध्यक्ष जावेद खान ने चेक मीटर लगाए जाने और उतारने के दौरान सीलिंग सर्टिफिकेट न दिए जाने पर आपत्ति जताई। नगर उपाध्यक्ष संजय शर्मा व जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह लाम्बा ने पी.डी. कनेक्शन और फाइनल बिल में हो रही मनमानी पर रोक लगाने की मांग की।
जिला अध्यक्ष उद्योग मंच सर्वेश गुप्ता ने कहा कि कनेक्शन पी.डी. होने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिक्योरिटी समायोजित कर फाइनल बिल नहीं दिया जाता, जो अनुचित है। जिला उपाध्यक्ष सर्वत हमीद खान ने विभागीय शिकायतों के निस्तारण में हो रही देरी पर सवाल उठाए और समय-सीमा तय करने की मांग की।
युवा जिला मंत्री निखिल गुप्ता ने ओटीएस योजना को सभी औद्योगिक, वाणिज्यिक व घरेलू उपभोक्ताओं तक लागू करने की मांग की। नगर उपाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों और ट्रांसफार्मरों पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।
अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें शासन तक पहुंचाने और उचित निस्तारण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नरेश शंखधार, अभिषेक रस्तोगी, गुड्डू गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, संदीप गुप्ता, फखरे आलम, सलीम सैफी, सुजीत गुप्ता, अवधेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
khabre junction
