नवीन मंडी डूंगरपुर में उत्पीड़न के खिलाफ व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने मंडी समिति कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, व्यापारियों ने जताई नाराज़गी
रामपुर, 7 अगस्त 2025 —तिलक नगर कॉलोनी से जुड़े उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, व्यापार मंडल पदाधिकारी और सैकड़ों व्यापारी साथी मंडी समिति डूंगरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मंडी समिति कार्यालय में चंद्रपाल जी को ज्ञापन सौंपकर फ्रूट व सब्ज़ी आढ़तियों के साथ हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर युवा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि नवीन मंडी स्थल डूंगरपुर में व्यापारियों के साथ लगातार भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। व्यापारियों द्वारा बार-बार अनुरोध के बावजूद टीन सेट तोड़ दिए गए, जिससे आढ़तियों और किसानों की फल-सब्जी बर्बाद व नष्ट हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि तीन मुख्य गेट होने के बावजूद सिर्फ एक गेट खोला जा रहा है, जिससे व्यापारियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं साफ-सफाई की हालत भी अत्यंत खराब है, जिससे रामपुर की “स्वच्छ सिटी” की छवि पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
अरविंद गुप्ता ने इस बात पर भी नाराज़गी जताई कि मतगणना की प्रक्रिया रामपुर नुमाइश ग्राउंड में होनी चाहिए, न कि फल-सब्ज़ी मंडी में। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों पर हो रहा उत्पीड़न और अन्याय नहीं रुका, तो व्यापारी समाज लामबंद होकर बड़ा आंदोलन करेगा, जिससे जिले की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
इस विरोध प्रदर्शन में शामिल अन्य प्रमुख लोगों में —
शाहिद खान (आढ़ती), जिला संगठन मंत्री शाहिद अली, शिबू खान, जिला प्रचार मंत्री शादाब खान, सोहेल खान, फहद खान, मंडल अध्यक्ष अब्दुल्ल वासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान, प्रदेश प्रचार मंत्री असीफुल्लाह सहित सैकड़ों आढ़ती व पदाधिकारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने एक स्वर में मांग की कि मंडी में व्यवस्थाएं सुधारी जाएं, सभी गेट खोले जाएं, साफ-सफाई नियमित हो, और व्यापारियों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
