आज धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है: कुमारी सैलजा

कहा— कांग्रेस लोगों के हकों और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी अरावली सिर्फ पहाड़ नहीं, बल्कि पर्यावरण, जल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है

ऐलनाबाद, हरियाणा | 29 दिसंबर(डॉ. एम. पी. भार्गव)अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा देश के गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के साथ खड़ी रही है, लेकिन आज धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान को कमजोर करने की साजिशें हो रही हैं, ऐसे समय में कांग्रेस लोगों के हकों और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जिसने देश को आज़ादी दिलाई और संविधान के माध्यम से हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान देश की आत्मा है, लेकिन आज इसे कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। ऐसे हालात में कांग्रेस का दायित्व और भी बढ़ जाता है कि वह सड़क से लेकर संसद तक संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करे।

सांसद ने ग्रामीण गरीबों और मजदूर वर्ग की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर किया जा रहा है। मनरेगा ने ग्रामीण भारत में रोजगार उपलब्ध कराने और पलायन रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण यह योजना प्रभावित हो रही है। बजट में कटौती और काम के दिनों में कमी से गरीब परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।

कुमारी सैलजा ने अरावली पर्वतमाला के संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अरावली सिर्फ पहाड़ नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अरावली क्षेत्र में बढ़ता खनन और पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है, जिस पर सरकार को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हमेशा से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक न्याय और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी पूरी मजबूती से जनता की आवाज़ उठाती रहेगी। चाहे अरावली बचाने का जन आंदोलन हो, मनरेगा को मजबूत करने की मांग हो या संविधान की रक्षा— कांग्रेस हर मोर्चे पर संघर्ष करती रहेगी।

उन्नाव रेप पीड़िता मामले पर सरकार पर निशाना
उन्नाव रेप पीड़िता मामले को लेकर कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में ऐसे मामले सामने आए हैं। उत्तराखंड का अंकिता केस हो या हाथरस और उन्नाव जैसे मामले— हर जगह न्याय दिलाने के बजाय ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का खोखला नारा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जब बड़े-बड़े लोग ऐसे मामलों में शामिल पाए जाते हैं तो भाजपा सरकार अपने लोगों को बचाने की कोशिश करती है। पीड़ित परिवार द्वारा जांच अधिकारियों पर सवाल उठाना गंभीर विषय है और ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच व न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही देश को जोड़ने वाली शक्ति है और इसी रास्ते पर चलकर भारत को मजबूत, समावेशी और न्यायपूर्ण बनाया जा सकता है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.