तिजारा : पूर्व सभापति कमलेश सैनी ने तिजारा अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया
कमलेश सैनी ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर जताई गहरी चिंता, व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की
तिजारा (अलवर): तिजारा नगर परिषद के पूर्व सभापति कमलेश सैनी ने आज अचानक तिजारा अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। निरीक्षण के बाद उन्होंने अस्पताल प्रभारी प्रवीण शर्मा से विस्तार से चर्चा कर सुविधाएं सुधारने की मांग की।
22 में से केवल 8 डॉक्टर मौजूद, सफाई व्यवस्था ध्वस्त
कमलेश सैनी ने बताया कि अस्पताल में 22 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन मौके पर सिर्फ 8 डॉक्टर ही ड्यूटी पर मिले। बाकी सभी डॉक्टर छुट्टी पर बताए गए। इसके साथ ही अस्पताल में सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई गई, जिससे भीषण गर्मी में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
शौचालय बंद, मोटर खराब, नवनिर्माण कार्य ठप
अस्पताल के पास बने सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था भी पूर्णतः खराब पाई गई। मोटर खराब होने के कारण शौचालय बंद पड़ा है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया नवनिर्माण भवन का कार्य भी लंबे समय से रुका हुआ है। सैनी ने कहा कि सरकार ने अस्पताल का दर्जा तो बढ़ा दिया है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ भी धरातल पर नहीं दिखता।
पीएमओ का पद रिक्त, सुधार की मांग
पूर्व सभापति ने यह भी बताया कि अस्पताल में पीएमओ (प्रधान चिकित्सा अधिकारी) का पद काफी समय से खाली है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त किया जाए ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
विधायक के निरीक्षण भी रहे खानापूर्ति तक सीमित
सैनी ने कहा कि तिजारा विधायक बाबा बालक नाथ ने भी कई बार अस्पताल का निरीक्षण किया है, लेकिन वे केवल खानापूर्ति तक सीमित रहे। अब जरूरत है कि इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई हो।
तिजारा अस्पताल की हालत पर पूर्व सभापति का यह औचक निरीक्षण प्रशासन और सरकार की जिम्मेदारियों पर सवालिया निशान खड़ा करता है। उम्मीद है संबंधित विभाग शीघ्र आवश्यक कदम उठाएंगे।

कमलेश सैनी जी ये 14 डॉक्टर पिछले 3–4 महीनों से छुट्टी पर ही चल रहे है l अगर आपको विश्वाश नहीं हो तो इस महीने के अंदर एक दो बार औचक निरीक्षण और कर लेना l और डॉक्टर ही नहीं इस बार 42 स्टाफ की खबर आई थी न्यूज पर प्रवीण शर्मा ने ही बताया था कि हॉस्पिटल में 22 डॉक्टर और 42 नर्सिंग स्टाफ है आप मौके पर जाओ तो उस 42 स्टाफ में से 15स्टाफ भी ड्यूटी पर नहीं मिलेगा l