अग्निवीर सेना भर्ती रैली में 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी लेंगे भाग, 11 से 23 मार्च तक बरेली में आयोजन

बदायूँ,  मार्च। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीर भर्ती को लेकर बरेली में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भर्ती रैली का आयोजन जाट रेजीमेंट सेंटर, बरेली परिसर में 11 मार्च से 23 मार्च 2026 तक किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के 12 जनपदों के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

सेना भर्ती रैली में बरेली सहित बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद तथा बदायूँ जनपदों के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग को अधिक से अधिक यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सेना अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों और दलालों से दूर रहें।

सेना भर्ती के निदेशक ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर अंकित तिथि और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर समय से पहुंचें तथा एडमिट कार्ड डाउनलोड कर अपने साथ रखें। साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेज भी साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों को ई-मेल आईडी से रैली एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में समस्या हो रही है, वे सेना भर्ती कार्यालय बरेली में प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च 2026 को अग्निवीर (टेक्निकल) के लिए सभी 12 जनपदों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। 12 मार्च को अग्निवीर (ट्रेड्समैन 8वीं एवं 10वीं) तथा अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर) के लिए सभी जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 13 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) के लिए बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी के अभ्यर्थी, 14 मार्च को शाहजहांपुर और सीतापुर, 15 मार्च को संभल और पीलीभीत, 16 मार्च को हरदोई, 17 मार्च को फर्रुखाबाद, 18 मार्च को बदायूँ तथा 19 मार्च को बरेली जनपद के अभ्यर्थी भर्ती रैली में भाग लेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.