महर्षि वाल्मीकि प्रगट दिवस पर तीसरा विशाल जागरण संपन्न

ऐलनाबाद ( एम पी भार्गव )तलवाड़ा रोड स्थित भगवान वाल्मीकि चौक पर महर्षि वाल्मीकि प्रगट दिवस के उपलक्ष्य में तीसरे विशाल जागरण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष राम सिंह सोलंकी एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष रवि लढा ने शिरकत की। इस अवसर पर अमरनाथ गोयल परिवार से देवेंद्र गोयल, वेद मित्र गुप्ता, पार्षद सत्यनारायण पांडिया, हेमराज सपरा, भंवरलाल सिकरिया एवं सतपाल सरबटा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। भजन संध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे वातावरण में “जय बाबा वाल्मीकि” के जयकारे गूंज उठे। जागरण में पीलीबंगा से भजन गायक आकाश वाल्मीकि, रामनिवास रसिया (ऐलनाबाद) एवं अजय लाडला (ऐलनाबाद) ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से रातभर माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा महर्षि वाल्मीकि महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से किया गया। मंच संचालन पार्षद सुभाष चंद्र प्रेमी ने किया। महर्षि वाल्मीकि प्रबंधक कमेटी के प्रधान अमित सरबटा ने बताया कि यह जागरण समाज में भाईचारे, एकता और वाल्मीकि समाज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रतीक है। देर रात तक चले इस जागरण में भक्तजन भजनों पर झूमते हुए बाबा के गुणगान में लीन नजर आए। सुबह महर्षि वाल्मीकि महाराज की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और भक्तों में खीर का प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर सावन धारीवाल, सुभाष सरबटा, कृष्ण सोनिया, अजय कुमार, अमर पडिहार, हंसराज धारीवाल सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.