राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरा में एनएसएस सात दिवसीय शिविर का तीसरा दिन, योग व अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित
ऐलनाबाद, 9 फरवरी (डॉ. एम. पी. भार्गव)।क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरा में प्राचार्य डा. सज्जन कुमार के निर्देशानुसार चल रहे एनएसएस इकाई के सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत एवं योग कक्षा के साथ हुई। यह शिविर प्रो. दलीप सिंह की अध्यक्षता तथा प्रो. राजवीर के संयोजन में “यूथ फ़ॉर माई भारत एवं यूथ फ़ॉर सतत विकास” थीम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
योग सत्र में योग प्रशिक्षक नीरज कटारिया ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एनएसएस स्वयंसेवकों को कपालभाति, त्रिबंध, अनुलोम-विलोम एवं सूर्य नमस्कार का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने नियमित योग अभ्यास को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
योग सत्र के उपरांत फायर ब्रिगेड ऐलनाबाद की टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड टीम के श्री अमित सिंह, श्री रमेश हरडू एवं श्री सुनील गुज्जर ने स्वयंसेवकों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग को बुझाने की विधि का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के विभिन्न प्रकारों और उनके सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे स्वयंसेवकों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का आत्मविश्वास विकसित हुआ।
दोपहर भोजन के पश्चात सभी एनएसएस स्वयंसेवकों ने गौशाला में सेवा दान किया, जहां गोवंश की देखभाल एवं स्वच्छता कार्यों में सक्रिय सहयोग दिया गया। शिविर के इस दिन की गतिविधियों ने स्वयंसेवकों में सेवा, सुरक्षा और अनुशासन की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
इस अवसर पर कैंप संयोजक प्रो. राजवीर के साथ प्रो. कुलजीत कौर, डॉ. सुगन सिंह, प्रो. सुरेश कुमारी, डॉ. साधा सिंह, प्रो. प्रवीण अग्रवाल, प्रो. सावन कुमार, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. राजेश, डॉ. कविता चौधरी, डॉ. पूजा, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा सभी एनएसएस विद्यार्थी उपस्थित रहे।
khabre junction
