सोने की बालियां व अंगूठी चोरी की वारदात का खुलासा, आरोपी युवक काबू, निशानदेही पर आभूषण बरामद

ऐलनाबाद, सिरसा | 27 दिसंबर (एम.पी. भार्गव)जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन अभियान” के तहत सिरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान के अंतर्गत थाना सिविल लाइन पुलिस ने सोने की बालियां व अंगूठी चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं।

थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित हरीश कुमार पुत्र वजीर चंद, निवासी जंडी वाली गली, खैरपुर (सिरसा) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 2 दिसंबर 2025 को वह किसी निजी कार्य से घर पर ताला लगाकर रिश्तेदारी में गया हुआ था। अगले दिन वापस लौटने पर घर का मुख्य ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर कमरों के ताले भी टूटे पाए गए। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखी एक सोने की अंगूठी और एक जोड़ी सोने की बालियां गायब थीं।

शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन सिरसा में अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान खैरपुर पुलिस चौकी को महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिस पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अमर सिंह उर्फ पीके, पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी मोचियांवाली गली, थैहड़ मोहल्ला, सिरसा को काबू किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए सोने के आभूषण उसने मुथूट फाइनेंस कंपनी को बेच दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मुथूट फाइनेंस कंपनी से उक्त आभूषण बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमर सिंह उर्फ पीके पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। 9 दिसंबर 2025 को उसने गोबिंद नगर क्षेत्र में बंद मकान में सेंध लगाकर करीब 25 तोले सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 50 हजार रुपये नकद चोरी किए थे, जिसमें सिरसा पुलिस ने उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए अकेले ही बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ के दौरान उसने सिरसा शहर में कई अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात भी कबूल की है।

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.