गांव गोरहा में गंदगी का अंबार, बढ़ा बीमारी फैलने का खतरा

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद चंद्र

कासगंज।जनपद कासगंज के सोरों ब्लॉक की न्याय पंचायत गोरहा अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरहा में गंदगी का गंभीर संकट बना हुआ है। गांव की गलियों में चारों ओर गंदा पानी भरा रहने, नालियों के बंद होने और नियमित सफाई न होने से आम जनमानस में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव की अधिकांश नालियां पॉलिथीन, खाली डिब्बों और कचरे से पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। इसके कारण नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह जलभराव और गंदगी के बीच लोगों को आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। सफाई कर्मचारी कभी-कभार ही गांव में दिखाई देते हैं और वह भी सिर्फ औपचारिकता निभाते हुए हल्की-फुल्की सफाई कर अपनी हाजिरी लगाकर वापस लौट जाते हैं। नियमित सफाई न होने के कारण ग्रामीणों को अपने-अपने घरों के सामने स्वयं ही सफाई करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा इस गंभीर समस्या की अनदेखी की जा रही है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद न तो नालियों की सफाई कराई जा रही है और न ही जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था की जा रही है। गंदगी और जलभराव के चलते गांव में मलेरिया, डेंगू, टायफाइड जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

इस संबंध में जब भास्कर टीम ने ग्राम प्रधान से संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन मिल तो गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए, नालियों की तत्काल सफाई कर जलनिकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि संभावित बीमारियों से गांववासियों को बचाया जा सके।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.