- रिपोर्ट: हरिश्चंद्र कासगंज
कासगंज। उत्तर प्रदेश उप-निरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बीच आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को दो-दो पालियों में संपन्न कराई जा रही है।
परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है। कासगंज जिले में इसके लिए 10 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें श्री गणेश इंटर कॉलेज और मानपुर नगरिया स्थित शेरवानी इंटर कॉलेज प्रमुख केंद्रों में शामिल हैं।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है, वहीं भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इसके अलावा एएसपी और डीआईजी स्तर के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से सम्पन्न हो सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल के प्रयास पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है।
