फरीदाबाद। थाना एसजीएम नगर क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता लेखराज ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 22 अगस्त को जब वह सैनिक कॉलोनी चौक पर खड़ा था, तभी 12–13 युवक मोटरसाइकिल और स्कूटी पर आए और उसके साथ मारपीट कर वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अपराध शाखा टीम ने जांच के दौरान आयुष्मान और मोहित (पर्वतीय कॉलोनी, फरीदाबाद), ईशु और अमन (डबुआ कॉलोनी) तथा गुलशन (नंगला गुजरान, फरीदाबाद) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आयुष्मान के दोस्त वंश के जानकार भूरा गुर्जर की शिकायतकर्ता से रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते वंश ने आयुष्मान को फोन कर बुलाया और शिकायतकर्ता पर हमला करवाया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी आयुष्मान को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य चार आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
