राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर में युवा महोत्सव ‘उमंग’ का दूसरा दिन हुआ रचनात्मक रंगों से सराबोर
रामपुर। राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर में आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘उमंग’ के दूसरे दिन विभिन्न आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्ण सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी (क्विज़), कवि-सम्मेलन (मुशायरा), रंगोली (अल्पना) तथा मेंहदी-रचना प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक एवं कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जागृति मदान धींगड़ा, विशिष्ट अतिथि विकास कुमार (जिला युवा कल्याण अधिकारी, रामपुर) तथा ब्रजेश कुमार (क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी) द्वारा सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
विशिष्ट अतिथि विकास कुमार ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी कला व योग्यता को मंच प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि युवा कल्याण विभाग युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जागृति मदान धींगड़ा ने विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ‘उमंग’ महोत्सव के माध्यम से छात्रों को अपनी छिपी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का पूर्ण अवसर मिला है और उन्होंने इस अवसर का सर्वोत्तम उपयोग किया है।
मुख्य शास्ता प्रो. (डॉ.) मीनाक्षी गुप्ता एवं समारोहक प्रो. (डॉ.) अरशद रिज़वी ने भी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संयोजन समारोहक प्रो. (डॉ.) अरशद रिज़वी तथा संचालन सह-समारोहक डॉ. अब्दुल लतीफ़ द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
युवा महोत्सव का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 29 नवंबर 2025 को महाविद्यालय परिसर में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा।
