19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में स्काउट गाइड का शानदार प्रदर्शन, कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज ने जीता 5000 रुपये का नकद पुरस्कार
बदायूँ। वृंदावन कॉलोनी के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में जिले के स्काउट गाइड ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और एडवेंचर कार्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त कर जिले और स्कूलों का नाम रोशन किया।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी का उद्घाटन किया और भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समापन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मिजोरम के मुख्यमंत्री लाल दुहोमा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भारत स्काउट और गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग जीवन की आधारशिला है और यह देश के युवाओं को श्रेष्ठ नागरिक बनाने में मदद करती है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्काउट गाइड को बधाई दी।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिले के स्काउट ने एडवेंचर स्पर्धाओं जैसे राइफल शूटिंग, रिंग थ्रू, प्लैंक ब्रिज, बास्केटबॉल, स्विमिंग बोर्ड और कमांडो ब्रिज में ए ग्रेड प्राप्त किया।
डीटीसी सत्यपाल गुप्ता के नेतृत्व में मदन लाल इंटर कालेज बिसौली के स्काउट ने प्रदर्शनी में श्रीराम मंदिर, इलेक्ट्रॉनिक बड़ा झूला, ब्रेक डांस, ज्वालामुखी, वाटर फाउंडेशन और दिव्यांगों के लिए सेंसर प्रदर्शन में ए ग्रेड प्राप्त किया। संविलियन विद्यालय हर्रायपुर के स्काउट ने फूड प्लाजा में जिले को ए ग्रेड दिलाया।
कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज के स्काउट अंकित, उमंग पटेल, नैतिक, ऋषभ पटेल, रौनक और प्रशांत ने गो ग्रीन प्रतियोगिता में संयुक्त रूप से भाग लेकर 5000 रुपये का नकद पुरस्कार जीता।
इसके अलावा, प्रमोद इंटर कालेज सहसवान, राधे लाल इंटर कॉलेज कछला, पन्ना लाल नगर पालिका इंटर कालेज सहसवान, एनए इंटर कालेज बिल्सी, श्री कृष्ण इंटर कालेज और क्रिश्चियन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्काउट ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में ए ग्रेड और सर्टिफिकेट प्राप्त किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संविलियन विद्यालय हर्रायपुर को प्रथम स्थान मिला। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज उझानी और भदवार गर्ल्स इंटर कालेज उझानी की गाइड को पेजेंट शो में विशेष सम्मान मिला।
जिले के स्काउट गाइड ने श्रीलंका, नेपाल, मालदीप और सऊदी अरब के स्काउट गाइड को उपहार देकर अंतरराष्ट्रीय भाईचारे का संदेश भी दिया। नेशनल सिक्योरिटी इंचार्ज मुहम्मद असरार और सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर नेहा कटियार ने बच्चों के श्रेष्ठ प्रदर्शन की सराहना की।
इस अवसर पर यूनिट लीडर कुंवरसेन, कैलाश चंद्र, चंद्र मोहन, आशुतोष शर्मा, श्रेष्ठ जीत, उमेश चंद्र और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
