- रिपोर्ट: हरिश्चंद्र (चंद्र)
सोरों जी। तीर्थनगरी सोरों शूकरक्षेत्र में चल रहे प्रांतीय मेला मार्गशीर्ष में रविवार को जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। अवकाश का दिन होने के कारण स्कूली छात्र, युवा और नौकरीपेशा लोग अपने परिवारों के साथ मेला घूमने पहुंचे। दिनभर मेले में रौनक और उत्साह का माहौल बना रहा।
मेले में बदायूं, बरेली, एटा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद सहित आसपास के कई जनपदों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने हरि की पैड़ी पर गंगा स्नान कर क्षेत्राधीश भगवान वराह के दर्शन-पूजन किए। धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन और खरीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला।
मनोरंजन के साधनों में ऊंचे झूले, चरक झूला, मौत का कुआं, सर्कस और मैजिक शो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों के लिए मिक्की माउस झूले सहित अन्य खेल साधनों ने खूब मनोरंजन किया। खानपान स्टालों पर डोसा, चाउमीन, टिक्की, गोलगप्पे, पिज्जा, बर्गर और मोमोज के लिए देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं।
मेला मार्गशीर्ष में खरीदारी भी जोरों पर है। गृह उपयोगी वस्तुओं—टीन के बक्से, गेहूं की कुटिया, अलमारी, कम्बल, कालीन, शॉल, चादर, क्रॉकरी व किचन एप्लायंस—के साथ ही महिलाओं के फैंसी आइटम जैसे पर्स, ब्रेसलेट और बैंगल्स की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखी गई।
बताया जा रहा है कि इस बार मेला मार्गशीर्ष ने कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए लाखों रुपये की दुकानदारी दर्ज की है। झूला, सर्कस और मौत के कुआं संचालकों सहित व्यापारियों और दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। प्रांतीय मेला मार्गशीर्ष धार्मिक आस्था, मनोरंजन और व्यापार का केंद्र बनकर क्षेत्र में विशेष पहचान बना रहा है।
