पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव हेतु मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी

ऐलनाबाद, सिरसा,  फरवरी (एम पी भार्गव): हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों पर प्रस्तावित उपचुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। आयोग द्वारा पांच सरपंच, 26 पंच तथा तीन ब्लॉक समिति सदस्यों के रिक्त पदों पर उपचुनाव करवाने से पूर्व संबंधित ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों की मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) शांतनु शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत संबंधित ग्राम पंचायतों में वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची तैयार की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी तक वार्डवार ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार कर ली जाएगी, जबकि 2 मार्च को इसका प्रकाशन किया जाएगा।

इसके बाद आमजन से 9 मार्च तक दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 12 मार्च तक किया जाएगा। यदि कोई आवेदक निर्णय से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष 16 मार्च तक अपील कर सकता है। इन अपीलों का निस्तारण 19 मार्च तक किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 27 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरे किए जाएं।

इन स्थानों पर होंगे उपचुनाव

उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि सरपंच पद के लिए बीरूवालागुढा, मलड़ी, चिलकनी ढाब, बरुवाली द्वितीय और धमोड़ा थेड़ी ग्राम पंचायतों में उपचुनाव होंगे।

इसके अलावा 26 पंच पदों के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों के वार्डों में उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे, जिनमें डबवाली (वार्ड 8 व 10), तेजाखेड़ा (वार्ड 2), बिज्जुवाली (वार्ड 2), नीलयांवाली (वार्ड 4), मौजगढ़ (वार्ड 1), आसाखेड़ा (वार्ड 4), लक्खुआना (वार्ड 2), गोरीवाला (वार्ड 6), तलवाड़ा खुर्द (वार्ड 14), ढाणी संता सिंह (वार्ड 1), मल्लेकां (वार्ड 1), बेहरवाला खुर्द (वार्ड 5), शेरपुरा (वार्ड 3 व 6), अली मोहम्मद (वार्ड 6), सिंहपुरा (वार्ड 6), चकेरियां (वार्ड 3), गिदड़ांवाली (वार्ड 4), धोतड़ (वार्ड 6), ढुडियावाली (वार्ड 6 व 10), थेड़ी बाबा सावन सिंह (वार्ड 2), फरवाईकलां (वार्ड 9), मंगाला (वार्ड 12) तथा झोपड़ां (वार्ड 4) शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त तीन पंचायत समितियों के रिक्त पदों पर भी उपचुनाव करवाए जाएंगे, जिनमें पंचायत समिति ऐलनाबाद (वार्ड 19), पंचायत समिति ओढां (वार्ड 1) और सिरसा पंचायत समिति (वार्ड 8) शामिल हैं।

पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों को भरने के लिए यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.