नाबालिग से गलत काम करने वाला गिरफ़्तार, बहला-फुसलाकर आंध्र प्रदेश ले गया था ट्रक ड्राइवर…

फरीदाबाद के आदर्श नगर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बच्चे को बहला-फुसलाकर अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने वाले ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ओमप्रकाश (32 वर्ष), निवासी बुलवाना, होडल (पलवल) के रूप में हुई है।

20 जून से लापता था बच्चा
थाना आदर्श नगर में एक महिला ने 20 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका नाबालिग बेटा खेलने के लिए घर से बाहर गया, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों की चिंता और तलाश के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी निगरानी से पकड़ा गया आरोपी
थाना आदर्श नगर की टीम ने तकनीकी सहायता व मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी ओमप्रकाश को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह पेशे से ट्रक ड्राइवर है। उसने बच्चे को बहलाकर अपने ट्रक में बिठाया और आंध्र प्रदेश तक ले गया। वहां बच्चे के साथ गलत हरकतें भी कीं।

2 जुलाई को छोड़ा बच्चे को होडल में
पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने 2 जुलाई को बच्चे को होडल में छोड़ दिया, जहां से पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद किया। बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, और उसकी काउंसलिंग की जा रही है।

ट्रक और मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयोग हुआ ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। ओमप्रकाश को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि उससे और पूछताछ कर पूरी वारदात की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.