रामपुर जिला पंचायत में दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से उबाल, अधिवक्ताओं का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन; आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग
- रिपोर्ट : शाहबाज़ खान
रामपुर, उत्तर प्रदेश;रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने से अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया। घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर रामपुर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर हत्या में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने विशेष रूप से सिविल लाइन थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी उठाई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी जिला पंचायत में तैनात असगर अली को उत्तर प्रदेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी नीरज रस्तोगी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
आक्रोशित अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए तथा मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 2 करोड़ रुपये का मुआवजा और सुरक्षा प्रदान की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
घटना के बाद से अधिवक्ताओं में आक्रोश बना हुआ है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
khabre junction
