नगर पालिका ने पहाड़ी गेट पर अवैध अतिक्रमण में 30 दुकानों को कराया कब्जा मुक्त

रामपुर। जनपद रामपुर में नगर पालिका द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। पहाड़ी गेट क्षेत्र में नगर पालिका की शासकीय भूमि से लगभग 30 अवैध दुकानों और खोखों को हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।

इस कार्रवाई के दौरान जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र के साथ मिलकर स्थल का निरीक्षण किया। पहाड़ी गेट से कैमरी मार्ग पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। अवैध दुकानों और खोखों के कारण मार्ग पर लगातार जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती थी।

नगर पालिका द्वारा चिन्हित भूमि से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद रास्ता अब पूरी तरह से साफ और व्यवस्थित हो गया है। इस भूमि पर अब सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पहाड़ी गेट पर स्थित गंदे नाले से निकलने वाले अपशिष्ट जल की भी समीक्षा की। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि वहां से साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि जनपद में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से कब्जा छोड़ दें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.