बिहार में सर चढ़कर बोला हरियाणवी दिग्गजों का जादू

ऐलनाबाद।बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के पीछे हरियाणा के भाजपाई दिग्गज नेताओं की प्रभावशाली भूमिका प्रमुख रही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 45 सदस्यीय सुपर लीडर्स टीम ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए एनडीए को भारी जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस टीम में सिरसा की पूर्व सांसद और भाजपा की मजबूत महिला नेता सुनीता दुग्गल भी शामिल रहीं, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर महागठबंधन की उम्मीदों को ध्वस्त करते हुए राजनीति में नया इतिहास रच दिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी बिहार के आठ महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों—अराह, तराड़ी, डेहरा, वजीरगंज, गौरवा, गौह, बगहा और रामनगर—में जमकर प्रचार किया। विशेष बात यह रही कि इन सभी क्षेत्रों में एनडीए ने विजय का परचम लहराया, जो प्रचार अभियान की सफलता को दर्शाता है।

चुनाव में महिला मतदाताओं का बढ़ता प्रतिशत इस बात की ओर संकेत करता है कि भाजपा की हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बिहार की महिलाओं तक प्रभावी तरीके से पहुंची। इसमें सुनीता दुग्गल की सक्रिय भूमिका एनडीए के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध हुई।

अमित शाह की रणनीति के तहत चुनींदा राजनीतिक दिग्गजों ने जमीनी स्तर पर अभियान को धार दी। बूथ-बूथ जाकर मतदाताओं तक पहुंच बनाने और उन्हें एनडीए के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करने में टीम के प्रयास सफल रहे। राजनीतिक विश्लेषक भी मानते हैं कि अमित शाह की राजनीतिक दूरदर्शिता और उनकी टीम की रणनीतिक क्षमता असंभव को भी संभव कर दिखाने की क्षमता रखती है।

हरियाणा के नेताओं के दमदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि सही दिशा-निर्देश और जमीनी मेहनत से चुनावी परिणामों को नए आयाम दिए जा सकते हैं।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.