बदायूं/उत्तर प्रदेश:राजकीय मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (UP R.N.SS) के माध्यम से मेडिकल कॉलेज परिसर में 100 बेड का बालक छात्रावास एवं 100 बेड का बालिका छात्रावास निर्मित किए जाएंगे।
इस परियोजना के पूरा होने से मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण आवास की सुविधा मिलेगी। छात्रावास निर्माण से न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों में सहूलियत होगी, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए भी बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार यह परियोजना प्रदेश सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने और छात्रों के लिए आधुनिक अधोसंरचना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
छात्रावास निर्माण की स्वीकृति मिलने से कॉलेज के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि यह पहल भविष्य में संस्थान की शैक्षणिक क्षमता, आकर्षण और सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
khabre junction
