मोदीनगर।मोदीनगर तहसील परिसर में मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर मतदाताओं को जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई सोमवार को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न हुई। यह पूरी प्रक्रिया उप जिलाधिकारी श्री अजीत सिंह कुमार के संरक्षण एवं प्रत्यक्ष निगरानी में कराई गई।
तहसील प्रशासन द्वारा सुनवाई की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से की गई थी। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे, वे अपने पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ तहसील पहुंचे और अपना पक्ष रखा। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुना तथा दस्तावेजों की विधिवत जांच के बाद ही निर्णय लिया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से न हटे और अपात्र व्यक्तियों को सूची से बाहर किया जा सके। सुनवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसील परिसर में पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा।
उप जिलाधिकारी श्री अजीत सिंह कुमार ने बताया कि सभी मामलों की निष्पक्षता के साथ सुनवाई की गई है और किसी भी मतदाता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जिन्हें भी नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित समय के भीतर उपस्थित होकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत करें, जिससे उनका मामला समय रहते निस्तारित किया जा सके।
दिनभर चली इस सुनवाई के दौरान तहसील परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रही और प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क नजर आया।
khabre junction
