सिरसा, (एम पी भार्गव)।हरियाणा प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव नमन केडिया ने राज्य सरकार से मांग की है कि सर्दी के मौसम में रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि जरूरतमंद, बेघर और बाहर से आने वाले यात्रियों को समय पर राहत मिल सके।
जारी बयान में नमन केडिया ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में रैन बसेरों की व्यवस्था होने के बावजूद अधिकांश स्थानों पर या तो रैन बसेरे बंद रहते हैं या उनमें मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में रैन बसेरों की कमी या अव्यवस्था के कारण लोग खुले आसमान के नीचे ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं।
नमन केडिया ने बताया कि न्यायालय के आदेशों के तहत सरकार द्वारा रैन बसेरे तो बनाए गए हैं, लेकिन वहां कंबल, रजाई, पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं। कई स्थानों पर व्यवस्थाएं नाममात्र की हैं, जिससे रैन बसेरों का उद्देश्य ही पूरा नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कई सामाजिक संगठन और लोग अपने स्तर पर कंबल, रजाई, भोजन और पेयजल वितरित कर रहे हैं, जो सराहनीय है। लेकिन शासन की भी यह जिम्मेदारी है कि वह अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सर्दी में ठंड से परेशान न हो।
