ग्रामीण प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाना ही लक्ष्य — सांसद सुभाष बराला, सांसद खेल महोत्सव में की 10 लाख रुपये देने की घोषणा

  • रिपोर्ट:एमपी भार्गव

ऐलनाबाद।राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव 2025 का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य के साथ सिरसा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, ताकि गांवों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बड़ा मंच मिल सके।

गांव बालासर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद बराला ने बताया कि मेजर ध्यानचंद जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस से शुरू हुए इस महोत्सव में अब तक 45 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया है।

हरियाणा—देश की सबसे बड़ी खिलाड़ी नर्सरी : बराला

सांसद ने कहा कि हरियाणा आज देश की सबसे बड़ी खेल नर्सरी बनकर उभरा है। एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट—हर खेल में हरियाणा के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से देश का मान बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सिरसा जिले की बेटी सविता पूनिया सहित कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।

युवाओं को खेल की राह पर लाने का आह्वान

बराला ने कहा कि आज कई नौजवान गलत दिशा में भटक जाते हैं, लेकिन यदि वे खेल के मैदान से जुड़ें, तो न केवल अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं बल्कि अपने परिवार, गांव और जिले का नाम भी रोशन कर सकते हैं।

विजेताओं के लिए आकर्षक इनाम— 71 हजार तक पुरस्कार

सांसद ने घोषणा की कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र में खेल महोत्सव के विजेताओं के लिए सबसे बड़ा इनाम रखा गया है।
उन्होंने कहा कि—

ब्लॉक स्तर से आगे खेलने वाले खिलाड़ियों को खेल किट दी जाएगी।

विजेताओं को 71 हजार रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा।

साथ ही सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे ताकि उन्हें आगे के ट्रायल में लाभ मिल सके।

इसी दौरान सांसद बराला ने 5 लाख रुपये खेल सामग्री एवं 5 लाख रुपये अन्य कार्यों के लिए देने की घोषणा की। उन्होंने क्रिकेटर शैफाली वर्मा को मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए 1.5 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बिना खर्च-पर्ची के नौकरी सहित हर संभव सहयोग दे रही है।

खेल महोत्सव का रंगारंग आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत सांसद बराला ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए की। इसके बाद मार्च पास्ट की सलामी ली गई और प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।

पहले दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में—

मटका दौड़ में कृष्णा प्रथम, निर्मला द्वितीय और अंजू तृतीय रहीं।

कबड्डी प्रतियोगिता में बनी टीम विजेता और बाहिया उपविजेता रही।

कार्यक्रम में जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने वाले कई खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और ग्रामीण उपस्थित

इस अवसर पर सिरसा प्रभारी वेद फुलां, भाजपा जिला अध्यक्ष यतीन्द्र सिंह एडवोकेट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.