राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐलनाबाद में एनएसएस शिविर का पांचवां दिन उत्साहपूर्वक संपन्न

ऐलनाबाद, 2 जनवरी (एम. पी. भार्गव)। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐलनाबाद में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर के पांचवें दिन का आयोजन पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोग्राम ऑफिसर श्रीमती पूजा शर्मा ने की।

शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत नीरज कटारिया द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना की तथा सामूहिक रूप से एनएसएस गीत का गायन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और छात्राओं को योगाभ्यास भी करवाया। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य मजबूत रहता है और जीवन में सकारात्मकता आती है।

इस अवसर पर एनएसएस नोडल अधिकारी सुभाष सोलंकी ने पधारे अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अनुशासन को जीवन में सफलता की कुंजी बताया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रोग्राम ऑफिसर कुमारी आंचल ने छात्राओं को खेलों के महत्व से अवगत कराया तथा दोनों एनएसएस यूनिटों के बीच मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया। शिविर में विद्यालय स्टाफ एवं एनएसएस स्वयंसेविकाओं की सक्रिय और सराहनीय सहभागिता रही।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.