जिलाधिकारी ने बर्जी मुकुन्दपुर गोवंश आश्रय स्थल का किया निरीक्षण
*पर्याप्त साफ सफाई न पाए जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी को चेतावनी देते हुए अनवरत सफाई कराने का दिया निर्देश*गोवंशो का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए उपलब्ध कराया जाए पौष्टिक आहार
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने तहसील सदर अन्तर्गत ग्राम बर्जी मुकुन्दपुर में पहुंचकर गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बेहतर साफ सफाई न होने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि गौशालाओं में नियमित दिन में लगभग से दो से तीन बार सफाई कराई जाए। उन्होंने गौशाला में स्थित भूषा गोदाम, चारा, चोकर, पानी आदि का निरीक्षण किया। गौशाला में भूषा, चोकर मात्रा के अनुसार पाया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि गौशाला में पशुओ को पर्याप्त भूषा, चारा चोकर आदि उपलब्ध कराया जाता हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि हरा चारा की व्यवस्था करते हुए भूषा के साथ दिया जाए। पशुओ के स्वास्थ्य के बारे में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए बीमार पशुओं का नियमानुसार उपचार कराया जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला में उपलब्ध पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखा जाए। गौशाला में कुछ पशुओं के कमजोर पाए जाने व हरा चारा न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित खण्ड विकास अधिकारी सिटी व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को हरा चारा प्रबंध कराने का निर्देश देते हुए मौके पर उपस्थित प्रधान व सेक्रटरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए गौशाला में हरा चारा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने खण्ड अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि गौशाला में पाई गई कमियों के प्रति लापरवाह कर्मचारी को जिम्मेेदारी तय करते हुए उसके विरूद्ध कार्यवाही हेतु सोमवार तक पत्रावली उपलब्ध कराई जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि नियमित गौशालाओं का स्वंय निरीक्षण करें। उन्होंने मौके पर उपस्थित नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि उक्त गौशाला की विस्तृत जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय, खण्ड विकास अधिकारी सिटी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बीके पाठक सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
