ऐलनाबाद,सिरसा, 11अक्टूबर (एम पी भार्गव): विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल और भाई कन्हैया मानव सेवा ट्रस्ट में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य लोगों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और मानसिक रोगों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर डिप्टी एलएडीसी कंवर जीत सिंह गिल और असिस्टेंट हिमांशु मेहता ने उपस्थित लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के समान ही महत्वपूर्ण समझना चाहिए, क्योंकि दोनों एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मानसिक बीमारियों का इलाज भी शारीरिक बीमारियों की तरह आवश्यक है, और इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को शिक्षित व संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच अपनाकर हम जीवन की अनेक परेशानियों का समाधान कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला नागरिक अस्पताल की मेडिकल टीम ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और भाई कन्हैया मानव सेवा ट्रस्ट में उपस्थित मानसिक रोगियों का निरीक्षण किया। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याओं को सुना और उन्हें तनावमुक्त रहने व सकारात्मक सोच बनाए रखने के उपाय बताए।
शिविर के दौरान लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरसा का हेल्पलाइन नंबर 01666-247002 और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे कानूनी या मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्राप्त कर सकें।
