उपमुख्यमंत्री ने बूथ स्तर पर सुनी ‘मन की बात’, जन कल्याण संवाद में समस्याओं का किया समाधान
वसंत महोत्सव व राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल
लखीसराय (सरफराज आलम)। बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लखीसराय के बूथ संख्या 231 पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 130वां एपिसोड ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से गणतंत्र दिवस, पहली बार मतदाता बनने के उत्सव को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने, स्टार्टअप और नवाचार के जरिए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण तथा नदियों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ‘मन की बात’ राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है और यह विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा देता है।
इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री ने लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान आसपास के जिलों से आए नागरिकों की समस्याओं को उन्होंने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके।
बाद में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल के साथ लखीसराय संग्रहालय में आयोजित वसंत महोत्सव एवं 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पहली बार मतदाता बने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र का महापर्व है, जो नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है।
वसंत महोत्सव की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बसंत ऋतु नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मक सोच का प्रतीक है, जो समाज को आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा देती है।
khabre junction
